गुलमोहर
अपने दोस्तों के साथ शेयर करें
पढ़ने योग्यता कस्टमाइज़ करें

गुलमोहर

KahaniKaar

सर्वाधिकार सुरक्षित ©

स्टोरी नोट्स

प्रिय पाठकों,यह कहानी केवल एक डरावनी दास्तान नहीं है, बल्कि प्यार, विछोह और उस पागलपन की गहराई है जहाँ इंसान मौत की सच्चाई को स्वीकार करने से इनकार कर देता है। प्रभाकर का अकेलापन और अपराजिता के फूलों की वह शीतल खुशबू, आपको एक ऐसे सफर पर ले जाएगी जहाँ प्रेम की परिभाषा धुंधली हो जाती है। कम से कम मेरी कोशिश तो यही है।

सारांश

तेरह साल का एकांत और झील किनारे एक सुनसान फार्म हाउस। प्रभाकर को लगता था कि वह अकेला है, पर क्या वह वाकई अकेला था? हिलती हुई कुर्सी, लहराते पर्दे और रसोई से आती रहस्यमयी आवाजें—क्या ये महज़ एक भ्रम हैं या गुज़रे हुए कल की कोई परछाईं? जब यादों को दफनाने के बजाय उन्हें सहेज लिया जाए, तो मोहब्बत और पागलपन के बीच की लकीर मिट जाती है। पढ़िए प्रभाकर की डायरी के वे पन्ने, जहाँ मौत अंत नहीं, बल्कि एक डरावनी शुरुआत है।

शैली
Mystery
लेखक
KahaniKaar
स्थिति
पूरी
अध्याय
1
रेटिंग
n/a
आयु रेटिंग
16+

गुलमोहर

कुछ दिनों से मन में बड़ा अजीब सा लग रहा है। यूं तो घर में अकेला रहता हूं पर, फिर भी अकेलेपन में जैसे खलील पड़ गयी हो। जहाँ जाऊँ.. जिस कमरे जाऊँ लगता है मानो कोई साया मेरे साथ साथ चलता है। जानता हूं जो मैं कह रहा हूं अजीब है, मुझे कहते हुए भी अटपटा लग रहा है... पर एक लिखने का ही तो वक्त है जब आदमी हर विकार से मुक्त होकर जो उसके हृदय में हो उसे पन्ने पर उतार देता है। और आज मैं भी यही कर रहा हूं। पिछले 3-4 दिनों से जो ये अनुभूति मुझे हो रही है, मैं जैसे अंजान, अपरिमेय भय में गोते लगा रहा हूँ। कहीं जाने का मन नहीं करता, ना भूख लगती है ना प्यास, सर पर अजीब सा भारीपन रहता है। पर जहां शांति से बैठ जाऊँ, हिलती डुलती चीजें ध्यान झकझोर देती हैं। बिना किसी हवा के झोंके के पर्दों का लहरा जाना , आर्म-चेयर का तब तक हिलते रहना जब तक हाथ से उसे रोक ना दूँ, जहाँ तहां रखी चीजों को यथास्थान से कहीं दूर पाना। सालों से अकेलेपन की आदत है, 13 वर्ष पहले ही अपनी अर्धांगिनी अपराजिता को खो दिया। जवानी की उमर तो थी बिचारी की.. बाल सुख भी ना ले पायी। घरवालों नें बहुत समझाया, डराया की दूसरी शादी कर लूं वरन मेरा वंश मेरे साथ ही न समाप्त हो जाए। पर मेरा दिल ना माना, स्त्री विछोह का ग़म मोम सा पिघल कर जम चुका था। फिर से शुरुआत में कही बात पर आता हूं, मेरे अकेलेपन में बाधा पड़ गयी है। हर अंजान, समझ से परे बात को भूत - प्रेत का खेल मान लूँ ऐसी मेरी प्रवृत्ति नहीं। पर बीते कुछ दिनों से जो हो रहा है वह इंसानी चीज़ भी तो नहीं।


अपराजिता से मेरी मुलाकात कॉलेज में हुई, अपने मुँह मिया मिट्ठू हो रहा हूं ये ना समझिएगा.. पर उस वक़्त मैं अच्छा खासा दिखता था। सुडौल शारीर, गोरा रंग, खेल कूद में माहिर था। अपराजिता मुझ पर दिल हार बैठी, और मैं भी उस सांवली कन्या का दीवाना हो गया। दीवानगी यूँ छायी की जीने मरने की कसमें खा लीं और शादी तक बात आयी। सौभाग्य से हम दोनों के परिवार में घनिष्ट समन्वय स्थापित हुआ और एक शुभ दिवस पर हमने ब्याह रचा लिया। पर जब भाग्य में ही अशुभ लिखा हो तो ऐसी तिथियों और मुहूर्तों का क्या अर्थ रह जाता है फिर?


ओह... रसोईघर से फिर आवाज आयी, बिल्ली घुस आयी होगी देख कर आता हूं!

............


खिड़की लगी थी, दरवाजे बंद बिल्ली कैसे ही आएगी। रसोईघर में भी सब जस से तस था। फिर वो आवाज? ऐसे ही प्रश्नों में उलझा हूं पिछले कुछ दिनों से।


अपराजिता के जाने के बाद मेरा जीवन मानो एक सूखे हुए गुलमोहर जैसा हो गया। ना पहले का आनंद बचा ना उल्लास। पुश्तैनी काफी ज़मीन जायदाद थी। उसमें से कुछ बेच कर, शहर की गहमा-गहमी से कोसों दूर झील के किनारे इस फार्म हाउस को खरीद अपना डेरा बना लिया। बगान में अपराजिता के फूल के बीज बिखेर दिए, मानो जब ये फूल खिल जाएंगे मुझे अपनी अपराजिता की याद दिलाएंगे। परिवार से कटना दुखदायी था, पर मेरे जीवन में अब सुख बचा कहां था... अपने दुख से सबको क्यूँ दुखी करूं। 13 वर्ष इसी एकांतवास में गुज़रे हैं। शुरुआत के कुछ महीनें तो पागल कर देने वाले थे... यह नीरवता, यह नीरसता.. इंसान ठहरा सामाजिक प्राणी। मन करता था भाग जाऊँ, निकल बाहर आऊँ इस आत्मारोपित निर्वासन से। सभ्यता से बहुत दूर हो जाने का भय भी था... पर जाऊँ कहाँ, किसके पास.. जिसने जीवन भर साथ देने की, जीवन को खुशियों से भर देने की , मुझे.. हर खुशी देने का वादा किया था वह तो मुझसे, अपने हर वादे से विमुख होकर चली गयी। क्या सच में?


जिस मेज़ पर हाथ टिकाये ये सब लिख रहा हूँ, उस पर एक तस्वीर रखी है। तस्वीर मेरे कुत्ते लूना की। लैब्राडोर नस्ल का एक प्यारा सा कुत्ता। अकेलेपन से तंग आकर मैंने एक साथी अपने पास मँगवा लिया। दिन भर उछलता कूदता, कभी मुझे टहलने ले जाया करता, उसका जोश, उसकी शैतानियों ने जैसे मेरे नीरस जीवन को हरा भरा कर दिया था। बस एक बात मुझे अजीब लगती, लूना ना जाने क्यूँ अपराजिता के उन पौधों को देख गुर्राते रहता। पौधों पर अब कलियाँ भी आने लगी थीं। पर मैं इन सब को नजरंदाज करता, उसे प्यार से पुचकारता और मुस्कुराते हुए अपराजिता के खिलते फूलों का आनंद लेता। फिर अचानक एक दिन ना जाने लूना कहाँ भाग गया। आंख खुली तो उसे पाया ही नहीं। बहुत ढूँढा, जहां तक देख सकता था उसके निशान ढूँढे पर लूना ना मिला। और एक दिन दरवाज़े के बाहर ही उसका क्षत विक्षत शरीर पड़ा मिला। ना जाने किस बेरहम शैतान ने इक निरीह जीव पर अपनी वक्रदृष्टि उड़ेल दी थी। लूना की ये दशा देख कर मेरा दिल ही बैठ गया। इस अल्पकालिक सुख के बाद फिर वही पुरानी कहानी दोहरा रही थी। पर अपराजिता के फूल अब खिल कर अपनी खुशबु फैलाने लगे थे।


ये सब लिख ही रहा हूं, कि टीवी चलने की आवाज आने लगी है। मैं यहां बैठा - बैठा टीवी ऑन तो ना कर दूँगा ना? आप ही सोचिए! क्या हो रहा है ये सब... आप रहते तो क्या मानते? टीवी बंद कर आता हूं, इतनी तेज आवाज है कुछ लिख पाना संभव ना होगा।

हॉल में टीवी के शोर के अलावा कुछ ना था, बंद करते ही फिर शांति छा गयी। खिड़की के बाहर झाँक इधर- उधर का मुआयना भी कर आया, कि कहीं कोई मेरे साथ ठिठोली तो नहीं कर रहा। किसी ने सही ही कहा है आपको डर अकेले होने का नहीं, अकेले ना होने का होता है।

गर्मी के दिन हैं इसलिए खिड़कियां खोल रखी हैं.. सीलिंग फैन अपनी अधिकतम गति पर है, पर फिर भी ठंडक नहीं। मन में यह विचार आते हीं जैसे एक ठंडी हवा का झोंका मुझे आर - पार कर गया। मानो खिड़कियों से एक शीतल बयार बहने लगी हो। आंखे भारी होने लगी हैं....

..............

(प्रभाकर).....

माफ़ कीजिएगा, नींद में खो गया था। समय देखता हूं तो 2 घंटे से ऊपर बीत गए हैं। पर आँखे यकायक खुलीं , लगा जैसे किसी ने कान में हल्के से नाम पुकारा हो। जो भी हो, अब जग गया तो आगे लिखूँगा। आज लिखने बैठा हूं , आज ही सब लिख डालूंगा ...कल के भरोसे ना छोडूंगा।

सच में अकेलापन याददाश्त भी कमज़ोर कर देता है शायद , इसलिए तो तभी से इन सारी अस्पष्ट घटनाओं का होना 3-4 दिन बता रहा हूं। नहीं... 3-4 महीनें हो चले हैं ये सब होते हुए। देखिए.. मानो इन सारी अनहोनी से कितना अभ्यस्त हो गया हूं इसलिए आराम से कह भी दिया। तभी टीवी पर चल रहा वो शो याद आ रहा 'चित्राहार', हाँ.. मैं और अपराजिता साथ देखा करते थे। उस शो की सारी सीडी खरीद ली मैंने। बेइंतिहा प्यार था मुझे उससे, इसलिए उसकी याद दिलाती हर चीज़ को अपने साथ कैद कर रखा है। अपराजिता के अनगिनत फूल जो अपने बगान में लगा रखे हैं, अपनी अपराजिता की याद में। जिनकी खुशबु अभी भी इस कमरे में तैर रही है। ओह... फिर एक ग़लती कर बैठा हूं, जिन घटनाओं को स्पष्ट करने की बात कह रहा था... वो घटनायें तो कभी अस्पष्ट थी हीं नहीं, पिछले 13 बर्षों से सब पानी सा साफ़ घटते देख रहा हूँ। जिस अकेलेपन को तभी से कोस रहा था, वह अकेलापन मेरे गले लगा कहाँ कभी। हां... 13 साल पहले अपराजिता को साथ ही तो लाया था मैं इस घर में। उसकी आत्मा ने उसके शरीर को त्याग दिया तो क्या उसे जल कर खाक होने देता? जिसके होठों की गर्माहट मेरे होठों पर आज भी थी, उसकी सलोनी सी सूरत, गले पर वो तिल, हाथों में मेरे नाम की मेहंदी.. उसके वजूद को ही खुद से दूर होने देता क्या । नहीं.. मुझे यह स्वीकार नहीं और इसलिए उसे अपने साथ लेता आया। प्राचीन मिस्र या दक्षिण अमेरिकी सभ्यता के लोगों का अगर अपने प्रियजनों की ममी बनाना ताकि मृत्यु के बाद के जीवन में उन्हें कष्ट ना हो अगर उचित था तो जो मैंने किया वो भी अनुचित नहीं।

अपराजिता के फ़ूलों की चादर ओढ़े, मेरी अपराजिता चिर निद्रा में लीन थी। अपराजिता के फ़ूलों की खुशबु, मुझे बार - बार उसके नजदीक होने का एहसास कराती। पर मेरा एहसास... एहसास भर नहीं है, मैं जल्द समझ गया। पर्दों का लहराना, आर्म-चेयर का हिलना, चीजों का यहां वहाँ मिलना.. ये ही तो प्रमाण है मेरी अपराजिता के होने का, वह प्रकृति के नियम को भेद वापिस आ गयी है। भयभीत और अंजान होने का जो नक़ाब मैंने शुरुआत में पहन रखा था, अब उसे उतार फेंकता हूं। अपराजिता इस वक्त मेरे पीछे खड़ी है, अपने कंधे पर उसके बर्फ से सर्द हाथ मेहसूस कर सकता हूं । इस कहानी को पूरा करने में वो मेरी मदद कर रही है। हमारा कुत्ता लूना हमे खुश देख पूंछ हिला रहा है। पहले जिन अपराजिता के पौधों को देख वह बिदक जाता, गुर्राने लगता,जबसे वापिस लौटा है, अपराजिता की गोद में ही चहकता रहता है.. मानो उसे कबसे जानता हो। अब सोचता हूं तो जान पड़ता है शायद अपराजिता की क्रोध दृष्टि ने ही उसे मुर्दा किया था उस दिन। पर मेरे लिए उसे वो दोबारा अपने साथ लायी है, अपने जैसा बनाकर। खैर जो भी हो अब मुझे सरोकार नहीं , गुलमोहर के वृक्ष पर पत्ते दोबारा आने लगे हैं, वह हरा भरा होने लगा है।

ऐप में पढ़ना जारी रखें

Inkitt ऐप में यह किताब खोलने और अपने फ़ोन पर पढ़ना जारी रखने के लिए कोड स्कैन करें।

KahaniKaar को बताएँ कि आपको यह चैप्टर कैसा लगा!

सबसे नए कलेक्शन

लोकप्रिय कलेक्शन