वो ज़िंदगी, जिसके लिए मैं लौट आई
अपने दोस्तों के साथ शेयर करें
पढ़ने योग्यता कस्टमाइज़ करें

वो ज़िंदगी, जिसके लिए मैं लौट आई

सर्वाधिकार सुरक्षित ©

सारांश

: वो ज़िंदगी, जिसके लिए मैं लौट आई Summary जब से अक्षता ने पहली बार नामजून को देखा था, तब से एक ख्याल उसके मन के किसी कोने में हमेशा बना रहा— “अगर मैं अतीत में वापस जा पाऊँ तो?” ये कोई ऐसा ख्याल नहीं था, जो एक दिन अचानक उसके मन में आया हो। न ही ये किसी एक रात की वजह से पैदा हुआ था। ये ख्याल सालों से उसके साथ था। शुरुआत में शायद इसके पीछे बस एक ही ख्वाहिश थी— कि नामजून उसकी ज़िंदगी में हो। लेकिन जैसे-जैसे साल बीतते गए, उसके अंदर कुछ बदलने लगा। सवाल वही रहा। लेकिन उसका मतलब बदल गया। सत्ताईस साल की उम्र में भी वो उस ख्याल को अपने मन से जाने नहीं दे पाई थी। एक आम-सी रात थी। वो अपनी हमेशा वाली कुर्सी पर, अपनी उसी डेस्क के सामने बैठी थी। उसके हाथ में एक पेन था और वो कुछ लिख रही थी। और एक बार फिर वही ख्याल उसके मन में आया— “अगर मैं सच में अतीत में वापस जा पाऊँ तो?” लेकिन उस रात कुछ अलग था। क्योंकि इस बार वो ख्याल सिर्फ एक ख्याल बनकर नहीं रहा। एक ऐसी रात ने सब कुछ बदल दिया, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। जिस बात को वो सालों से चुपचाप अपने मन में सोचती आ रही थी... वो सच में हो गया। वो अठारह साल पीछे चली गई। साल 2009 के कोरिया में। अपने ही नौ साल के रूप में। उसके पास न कोई फोन था। न कोई दस्तावेज़। न परिवार। न पैसे। और न ही वापस लौटने का कोई रास्ता। उसके पास सिर्फ एक नाम था, जिसे वो जानती थी— Kim Namjoon. लेकिन उस तक पहुँचना उतना आसान नहीं होने वाला था, जितना उसने सोचा था। क्योंकि अतीत में वापस जाना तो बस उसके सफर की शुरुआत थी। उसकी

शैली
Fantasy
लेखक
The dimple diary RM
स्थिति
१९ दिन पहले
अध्याय
3
रेटिंग
n/a
आयु रेटिंग
13+

Chapter 1 ~~कुछ ख्याल एक दिन में नहीं आते।

वो ज़िंदगी, जिसके लिए मैं लौट आई

Chapter ~ 1

कुछ ख्याल एक दिन में नहीं आते।

हम उन्हें सालों तक अपने अंदर कहीं न कहीं ज़िंदा रखते हैं।

फिर एक दिन कोई नया ख्याल आता है। कुछ देर के लिए हम उसे अपने मन में रखते हैं, या फिर कभी-कभार उसे भूल भी जाते हैं।

लेकिन किसी दिन वही पुरानी बात हमें फिर से याद आ जाती है। कभी किसी गाने की वजह से, तो कभी हमारे सामने कुछ ऐसा होता है, जिसे देखकर हमें उस इंसान की याद आ जाती है।

उसकी बातें, उसके शब्द, उसकी ज़िंदगी में हुई छोटी-छोटी बातें, जिन्हें हम न जाने कितनी बार याद करते हैं।

ऊपर से देखने पर लगता है कि हम कुछ भी नहीं कर रहे हैं, लेकिन असल में हम अपने ख्यालों को धीरे-धीरे अपने अंदर जगह देते रहते हैं।

और मैं भी ऐसे ही न जाने कितने ख्याल अपने अंदर रख रही थी।

आज मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है।

लेकिन ये आज की बात नहीं है।

ये सब मेरे साथ कई सालों से होता आ रहा है।

मैंने उस ख्याल को कभी अपने मन से जाने नहीं दिया। बल्कि मैं तो उसे सच में जी रही हूँ।

अतीत में वापस जाने और वहाँ जाकर उन सारी बातों को बदलने का ख्याल आज भी मेरे मन में पहले जैसा ही है।

कभी-कभी मैं सोचती हूँ—

अगर मैं समय को पीछे ले जा पाऊँ तो?

अगर मैं किसी एक पल को बदल पाऊँ तो?

अगर मैं अतीत में जा सकूँ तो?

मैं क्या बदलूँगी?

और हर बार इन सवालों के जवाब अलग-अलग होते हैं।

लेकिन उन सारे जवाबों के पीछे कहीं न कहीं एक ही चेहरा होता है—

नामजून।

मैं उसके लिए अतीत में जाऊँगी, ये बात मैं खुद से न जाने कितनी बार कह चुकी हूँ।

वहाँ जाकर क्या करूँगी, कहाँ जाऊँगी, किससे मिलूँगी और किन बातों को बदलने की कोशिश करूँगी, ऐसे न जाने कितने ख्याल मेरे मन में आते रहते हैं।

ये सब सिर्फ मेरे ख्यालों तक ही नहीं है, बल्कि मेरी हर साँस में शामिल हो चुका है।

मैं हर दिन इसे जीती हूँ।

मैंने इससे पहले भी उसके बारे में बहुत कुछ लिखा है।

कितनी सारी कविताएँ।

कितने सारे ख्याल।

कभी-कभी अपनी कविताओं में मैं एक ऐसी दुनिया बना लेती हूँ,

जहाँ सिर्फ मैं और वो होते हैं।

मेरे नाम के आगे उसका नाम होता है।

हमारी अपनी एक कहानी होती है।

किसी किताब के हर पन्ने पर हमारी ही दुनिया होती है।

इस असल ज़िंदगी में जो बात मुमकिन नहीं है, वो मेरी कल्पना में मुमकिन होती है।

और उन सारी बातों को मैं अपने शब्दों में जीती हूँ।

आज भी कुछ ऐसा ही हो रहा है।

26 अगस्त 2026।

आज मुझे एक Daily Prompt का जवाब लिखना है।

सवाल बहुत साधारण-सा है—

“Which fictional world would be the most fun to vacation in?”

अगर मुझे किसी काल्पनिक दुनिया में छुट्टियाँ बिताने का मौका मिले, तो मैं कौन-सी दुनिया चुनूँगी?

मैं सोचने लगती हूँ।

और मेरा जवाब एक बार फिर उसी के पास जाकर रुक जाता है।

मुझे कोई दूसरी दुनिया नहीं चाहिए।

मुझे तो बस एक ही दुनिया चाहिए।

और वो दुनिया है नामजून की।

मैं इसी दुनिया को चुनूँगी।

लेकिन मेरी कल्पना की ये दुनिया बाकी किसी भी काल्पनिक दुनिया जैसी नहीं है।

मुझे वहाँ सिर्फ छुट्टियाँ बिताने नहीं जाना है।

मैं अपनी आज की ज़िंदगी में जो बात नामुमकिन है, उसे वहाँ एक बार सच करके देखना चाहती हूँ।

अगर मैं अतीत में जा पाऊँ...

उस लड़की के उसकी ज़िंदगी में आने से पहले।

और अगर वहाँ जाकर मैं सच में कुछ बदल पाऊँ, तो मेरी बस एक ही ख्वाहिश होगी—

मैं अपने नाम के आगे उसका नाम लिख सकूँ।

Kim Namjoon.

शायद मैं उसकी girlfriend होती।

शायद wife.

या फिर हमारा रिश्ता दुनिया से छिपा हुआ होता।

दुनिया उसे जानती।

उसके संगीत को जानती।

उसके सपनों को जानती।

उसके संघर्ष को जानती।

लेकिन मुझे?

शायद कोई नहीं जानता।

क्योंकि हमारा रिश्ता सिर्फ हम दोनों के बीच होता।

और इसी ख्याल के साथ मेरे मन में एक पूरी बातचीत शुरू होने लगती है...

आज बहुत दिनों बाद उसका कॉल आया था।

“मैं घर आ रहा हूँ।”

लेकिन उसने ये नहीं बताया था कि वो कितने बजे तक घर आएगा।

मेरे मन में बस एक अंदाज़ा था कि रात दस, ग्यारह या शायद बारह बजे तक वो घर आ जाएगा।

कितनी देर हो गई है।

वो अभी तक आया क्यों नहीं?

अब तो बारह बज गए हैं ना।

कम से कम सात-आठ महीने हो गए थे, हम दोनों को आमने-सामने मिले हुए।

इसलिए आज समय जैसे आगे बढ़ ही नहीं रहा था।

मैं बार-बार दीवार पर लगी घड़ी की तरफ देख रही थी।

दस बजे।

फिर ग्यारह।

और देखते ही देखते बारह बजने का समय भी करीब आ गया।

मन में बार-बार यही सवाल आ रहे थे—वो आएगा भी या नहीं? या आज भी उससे मिलना नहीं हो पाएगा?

आखिर में परेशान होकर मैंने अपने लिए कॉफी बना ली।

कॉफी का गर्म मग हाथ में लेकर मैं सोफे पर आकर बैठ गई।

सामने टीवी पर उसका ही गाना “Wild Flower” चल रहा था।

मुझे ये गाना बहुत पसंद है।

मैंने कॉफी का एक घूँट लिया और यूँ ही स्क्रीन की तरफ देखने लगी।

गाने में उसका ही चेहरा दिखाई दे रहा था।

और तभी अचानक—

दरवाज़े की घंटी बजी।

मैं एक पल के लिए वहीं रुक गई।

रात के बारह बजे अब किसकी डिलीवरी आ गई?

कोई दोस्त होगा, सहेली होगी या कोई रिश्तेदार होगा।

और अगर दरवाज़े पर नामजून के अलावा कोई और हुआ, तो मैं इतनी रात को उसे वापस कैसे भेजूँगी? या दरवाज़े से ही उसे कैसे कहूँगी कि अब यहाँ से चले जाओ?

मेरे मन में एक साथ न जाने कितने सवाल आने लगे।

मैंने कॉफी का मग वैसे ही टेबल पर रखा और दरवाज़े की तरफ बढ़ गई।

दरवाज़ा खोला।

और सामने वो खड़ा था—

नामजून!

मैं कुछ पल अपनी साँसें रोके बस उसे देखती रही।

“नामजून... तुम?”

वो अपने उसी शांत अंदाज़ में हल्का-सा मुस्कुराया।

“क्यों? मैं नहीं आ सकता?”

“अरे नहीं... लेकिन तुम तो देर से आने वाले थे ना?”

“काम जल्दी खत्म हो गया, इसलिए निकल आया।”

एक पल रुककर उसने अपना सिर थोड़ा तिरछा किया और हल्का-सा मुस्कुराते हुए कहा,

“अगर चाहो तो वापस चला जाऊँ? फिर तुम्हारे बताए हुए टाइम पर आ जाऊँ?”

“नहीं!”

मैंने एक पल की भी देर किए बिना उसे कसकर गले लगा लिया।

मेरे हाथ उसके कंधों पर पड़ते ही उसने भी मुझे अपनी बाँहों में भर लिया।

“अरे, बस... बस। पहले अंदर तो आने दो। कितनी जल्दी मची है तुम्हें।”

मैंने धीरे से उसे छोड़ दिया।

“हाँ, आओ ना।”

उसने अपना बैग मेरे हाथ में दे दिया।

बैग हाथ में लेते ही मुझे महसूस हुआ कि वो हमेशा की तरह काफी भारी था। शायद उसके नए गानों के पेपर या किताबें होंगी उसमें।

वो आराम से अपने जूते उतारते हुए बोला,

“अब यहीं खड़ी रहने वाली हो या अंदर भी चलना है?”

“हाँ, चलो।”

वो अंदर आया।

उसके चेहरे पर पूरे दिन स्टूडियो में काम करने की थकान साफ दिखाई दे रही थी। आँखों के नीचे भी नींद पूरी न होने की वजह से हल्के निशान थे। लेकिन मुझे देखते ही उसके चेहरे पर वही जानी-पहचानी प्यारी-सी मुस्कान आ गई।

मैंने उसे ध्यान से देखा।

“बहुत थक गए हो ना?”

“हम्म... थोड़ा।”

“पक्का थोड़ा या ज़्यादा?”

“बहुत ज़्यादा।”

वो अपने कंधे ढीले छोड़कर सोफे पर आराम से बैठ गया।

मैं पानी लेकर आई और उसके पास बैठते हुए पूछा,

“तो ये सात-आठ महीने कैसे बीते?”

वो कुछ देर खिड़की के बाहर अँधेरे आसमान को देखता रहा।

“सच बताऊँ? कुछ दिन बहुत मुश्किल थे... पूरा दिन स्टूडियो में ही निकल जाता था। कभी काम, कभी कागज़, कभी कुछ और। लेकिन कुछ दिन अच्छे भी थे।”

“बोरिंग थे?”

“नहीं, बोरिंग नहीं... वो छह लोग हैं ना। फिर दिन बोरिंग कैसे हो सकते हैं? लेकिन कभी-कभी इंसान अपने ही ख्यालों में इतना उलझ जाता है ना, कि उसे पता ही नहीं चलता समय कैसे बीत जाता है।”

“तो फिर अच्छे दिन क्यों थे?”

वो मेरी तरफ मुड़ा और उसके चेहरे पर हल्की-सी शरारती मुस्कान आ गई।

“क्योंकि मुझे पता था कि कोई है, जो मेरे इंतज़ार में परेशान हो रही है।”

मैंने उसे हल्का-सा धक्का देते हुए कहा,

“तो फिर यहाँ क्यों आए हो? वापस जाओ! मैं ही तो तुम्हारे पीछे परेशान होती रहती हूँ।”

“जाऊँ क्या, अक्षू? सच में?”

“नहीं रे, ऐसे ही बोल रही हूँ।”

तभी उसकी नज़र सामने टेबल पर रखे मेरे आधे खाली कॉफी के मग पर गई।

“अरे वाह... आज तुमने मुझे छोड़कर अकेले कॉफी पी ली?”

“हाँ रे। तुम्हारे आने का कोई पक्का टाइम ही नहीं था। अकेले बैठे-बैठे दिमाग खराब हो रहा था, इसलिए पी ली।”

“हम्म... सही है।”

वो कुछ देर बिल्कुल चुप बैठा रहा।

मुझे उसकी आँखों से ही समझ आ गया था कि वो कुछ सोच रहा है।

फिर उसने अपनी शर्ट ठीक की।

“इधर आओ।”

“क्यों?”

“पहले आओ तो।”

मैं उसके बिल्कुल पास जाकर बैठ गई।

सामने टीवी पर उसका गाना चल रहा था। मैंने उसे पहले ही पॉज़ कर दिया था।

उसने स्क्रीन से नज़र हटाकर मेरी आँखों में देखा।

“अक्षता।”

“क्या?”

“जब भी मैं ऐसे घर आता हूँ ना, हमारे घर में हमेशा यही गाना क्यों चल रहा होता है?”

“क्योंकि तुम्हारी आवाज़ में मुझे तुम्हारा असली तुम मिलता है।”

“और कुछ सुनने को नहीं मिलता क्या?”

“मिलता है ना। लेकिन इस गाने में तुम अपने मन की सारी बातें कह देते हो ना, इसलिए ये गाना मुझे कुछ ज़्यादा ही अपना लगता है।”

वो कुछ देर मुझे बिना पलकें झपकाए देखता रहा। बिल्कुल वैसे ही, जैसे कोई कविता पढ़ते समय या कोई ड्राफ्ट देखते समय ध्यान से देखता है।

फिर धीरे से बोला,

“तुम कभी-कभी ना... बहुत गहराई से सोचती हो।”

“नहीं सोचती।”

“सोचती हो... तुम्हारी आँखों में दिखता है।”

वो उठ गया।

“मैं फ्रेश होकर आता हूँ। तब तक हम दोनों के लिए कॉफी बना लेना।”

“ठीक है।”

वो अंदर चला गया और मैं कॉफी बनाने के लिए उठ गई।

कुछ देर बाद जब वो फ्रेश होकर वापस आया, तो उसके चेहरे पर पहले जैसी थकान नहीं दिख रही थी।

“अक्षता, कॉफी बन गई?”

“हाँ, बन गई।”

“तो फिर इधर आओ।”

मैं फिर उसके पास जाकर बैठ गई।

वो बोला,

“इतनी दूर क्यों बैठी हो? थोड़ा पास आओ।”

मैं उसके और करीब खिसक गई।

उसने मेरा हाथ अपने हाथ में लेकर कसकर पकड़ लिया।

“हम्म... अब ठीक है।”

कुछ देर तक कमरे में बस घड़ी की टिक-टिक सुनाई दे रही थी।

वो कुछ कहना चाहता था, ये उसकी बेचैनी से साफ पता चल रहा था।

फिर उसने एक लंबी साँस ली।

“आज तुम्हें एक बात बतानी है।”

मेरे मन में सबसे पहले यही ख्याल आया—

“आज कोई नया गाना लिखा है क्या?”

वो हमेशा की तरह हल्का-सा मुस्कुराया।

“नहीं रे। हर बार नया गाना ही कैसे लिखूँगा? कभी-कभी ज़िंदगी ही किसी गाने से ज़्यादा उलझी हुई हो जाती है।”

“तो आज क्या हुआ?”

वो कुछ पल चुप रहा।

उसने अपना सिर थोड़ा नीचे कर लिया।

“आज... फिर वही बात निकली थी।”

“कौन-सी बात?”

“मेरी निजी ज़िंदगी के बारे में... रिलेशनशिप के बारे में।”

मैं थोड़ा सतर्क हो गई।

“अच्छा... फिर?”

“पहले की तरह मैं चुप था। मुझे लगा था कि हमेशा की तरह बात आई-गई हो जाएगी। लेकिन आज वो लोग कुछ ज़्यादा ही पूछ रहे थे। और अचानक मुझे लगा कि हर बार चुप रहने या सब कुछ छिपाने का कोई मतलब नहीं है। जो सच है, उसे मान लेना चाहिए।”

मैं बिना कुछ बोले उसकी तरफ देखती रही।

“मतलब तुमने बता दिया?”

“हाँ।”

“क्या?”

“कि... मेरी ज़िंदगी में कोई है।”

ये सुनते ही मेरे रोंगटे खड़े हो गए।

मैंने बिना एक पल सोचे उसे गले लगा लिया।

“सच में, नामजून? तुमने सच में ऐसा कहा?”

वो मुझे कसकर गले लगाते हुए बोला,

“तुम्हें अब भी मेरी बातों पर शक होता है?”

“नहीं रे... लेकिन मुझे सच में यकीन नहीं हो रहा।”

मैं थोड़ा पीछे हटकर पूछने लगी,

“लेकिन तुमने सबके सामने ये मान लिया?”

“हाँ। इस बार मैंने आगे-पीछे कुछ नहीं सोचा। जो दिल में आया, वही बोल दिया।”

“तो फिर उन्होंने उसका नाम भी पूछा होगा ना?”

उसने मेरी आँखों में देखा और उसके चेहरे पर एक प्यारी-सी मुस्कान आ गई।

“तुम्हें सच में नहीं पता कि मैंने क्या कहा?”

“तुम ठीक से बताओ ना।”

“मैंने उनसे कहा... मेरी ज़िंदगी में जो इंसान है, उन छह लोगों के अलावा एक और इंसान है, जिसे मैं अपना सबसे बड़ा सहारा मानता हूँ। और वो कोई और नहीं, बल्कि...”

उसने मेरी तरफ उँगली से इशारा किया।

“...वो मेरे सामने खड़ी है।”

मैं कुछ पल के लिए बिल्कुल चुप हो गई।

“नामजून... तुम ये क्या कह रहे हो? सच बोल रहे हो या मज़ाक कर रहे हो?”

“क्या मैं कभी हमारे रिश्ते को लेकर ऐसा मज़ाक करूँगा?”

“तुम्हें ऐसा लगता है क्या?”

वो बहुत गंभीर होकर बोला,

“अक्षता।”

“लेकिन... मेरा नाम? तुमने सच में मेरा नाम लिया?”

“हाँ। क्योंकि मेरी हर लाइन में, मेरी हर रचना में अगर किसी की जान बसी है, तो वो तुम हो। फिर ये बात छिपाने की क्या ज़रूरत है?”

मेरी आँखों से खुशी के आँसू बहने लगे।

मेरे पास कहने के लिए कोई शब्द नहीं थे।

मैं सिर झुकाकर वैसे ही बैठी रही।

वो चुपचाप मुझे देखता रहा।

फिर उसने अपने दोनों हाथों से मेरा चेहरा पकड़ लिया।

“अक्षता... तुम ऐसे क्यों रोने लगती हो? मैंने कहा ना, जो सच है वही कहा।”

मैं अपने आँसू रोकने की कोशिश करते हुए बोली,

“मुझे डर लगता है यार... तुम्हारी इस दुनिया से, उन लोगों की नज़रों से...”

वो धीरे से मेरी आँखों पर हाथ फेरते हुए बोला,

“लोगों का काम है बातें करना। लेकिन मेरा स्वाभिमान, मेरी साँसें और मेरा काम जहाँ है, अगर वहाँ भी मैं दुनिया से डरने लगूँ, तो फिर मेरे होने का मतलब ही क्या रह जाएगा? तुम मेरी ताकत हो, मेरी कमजोरी नहीं।”

मैंने उसे फिर से कसकर गले लगा लिया।

उसकी उस एक बात ने जैसे मेरे इतने सालों के संघर्ष, मेरे बाबा की सीख और मेरे हर आँसू को एक नया मतलब दे दिया था।

कुछ देर हम ऐसे ही बैठे रहे।

कमरे की सारी बेचैनी जैसे धीरे-धीरे खत्म हो गई थी।

फिर उसने अपने उसी हल्के-फुल्के अंदाज़ में बात बदल दी।

“अच्छा, वो सब छोड़ो... अब बताओ, रात के खाने में क्या खाएँगे? मुझे भूख लगी है।”

“तुमने कुछ बनाया है या बनाना है, अंकिण?”

मैं अपने आँसू पोंछते हुए मुस्कुरा दी।

“तुमने अभी इतनी बड़ी बात कही है... इसलिए आज खाना मैं नहीं बनाऊँगी। बाहर से ही कुछ मँगवा लेते हैं।”

वो हँस पड़ा।

“ठीक है। फिर तुम्हारी पसंद का कुछ मँगवाते हैं, ताकि तुम्हारा ये रोता हुआ चेहरा फिर से मुस्कुराने लगे।”

हम दोनों ने साथ बैठकर खाने का ऑर्डर दिया।

खाना आने के बाद उसने उसे प्लेटों में निकाला और हम दोनों बातें करते-करते खाना खाने लगे।

खाना खत्म होने के बाद जब मैंने घड़ी देखी, तो रात के तीन बज चुके थे।

वो मेरी तरफ देखते हुए बोला,

“अक्षता... अब मुझे थोड़ा निकलना पड़ेगा।”

मैं चौंक गई।

“अब कहाँ जाओगे? बाहर तो पूरी रात हो गई है।”

“स्टूडियो में थोड़ा काम है। सुबह एक ज़रूरी मीटिंग है। अब तक सब लोग वहाँ पहुँच गए होंगे। मैं वहीं जाकर थोड़ी देर आराम कर लूँगा।”

मैंने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया।

“मत जाओ ना... यहीं थोड़ी देर रुक जाओ।”

वो कुछ पल मेरी तरफ देखता रहा।

उसकी आँखों में रुकने की इच्छा भी थी, लेकिन साथ ही उसे अपनी ज़िम्मेदारियों का भी एहसास था।

वो हल्का-सा मुस्कुराया।

“ठीक है... जहाँ मेरा असली ठिकाना है, वहाँ से भागकर मैं कहाँ जाऊँगा? सुबह निकल जाऊँगा।”

मेरे मन का एक बहुत बड़ा बोझ उतर गया।

मैं उसे आराम करने के लिए अपने साथ बेडरूम में ले गई।

वो मेरे बगल में लेट गया और धीरे से बोला,

“अब तो तुम्हें आराम से नींद आएगी ना?”

मैंने अपना सिर उसके कंधे पर रख दिया।

“हम्म... अब बिल्कुल सुकून है।”

उस रात, उस शांत माहौल में, ऐसा लग रहा था जैसे मेरी पूरी ज़िंदगी का कोई अधूरा हिस्सा पूरा हो गया हो।

लेकिन ये सब एक Fantasy थी।

एक कल्पना।

एक बातचीत।

एक ऐसी दुनिया, जिसे मेरे मन ने कुछ घंटों के लिए मेरे सामने ला दिया था।

मैंने वो बातचीत लिखी थी।

दिनभर उसे पढ़ती रही थी।

उस पूरे सीन को बार-बार अपनी आँखों के सामने लाती रही थी।

और उसी में खुद को भूल गई थी।

रात हो गई।

और मैं एक बार फिर उसी ख्याल में खोई बैठी थी।

खिड़की के पास।

आसमान की तरफ देखते हुए।

मेरे मन में बस एक ही सवाल बार-बार आ रहा था—

अगर सच में ऐसा हो जाए तो?

अगर मुझे ऐसा मौका मिल जाए तो?

अगर मैं अतीत में जा सकूँ तो?

और कुछ ही देर में ऐसा लगने लगा जैसे मैं खुद से ही बात कर रही हूँ।

मेरा ही एक दूसरा रूप मेरे सामने आकर बैठ गया।

वो हल्का-सा मुस्कुराया।

मैंने उसकी तरफ देखा।

“अब तुम्हें हँसी किस बात पर आ रही है?”

“कुछ नहीं... बस ऐसे ही हँस रहा हूँ।”

“अच्छा?”

वो फिर हल्का-सा मुस्कुराया।

और मुझसे सवाल करने लगा।

“तुम्हें सच में वहाँ जाना है?”

“हाँ।”

“पक्का?”

“हाँ। बिल्कुल जाना है। पक्का।”

“कितने साल पीछे जाओगी? दस साल? पंद्रह साल? आखिर कितने साल पीछे जाना चाहती हो?”

मैं कुछ पल चुप रही।

“और जब तुम इतने साल पीछे जाओगी, तब तुम्हारी उम्र कितनी होगी?”

मैं उसकी तरफ देखती रही।

“और तुम्हें पीछे जाना ही क्यों है?”

“मुझे पीछे क्यों जाना है, ये मैं तुम्हें नहीं बताऊँगी। लेकिन मुझे जाना है।”

“लेकिन तुम्हें तो ये भी नहीं पता कि तुम कब जाओगी। तुम्हें ऐसा मौका मिलेगा भी या नहीं।”

वो फिर हल्का-सा मुस्कुराया।

“मौका मिलेगा या नहीं, ये अलग बात है। लेकिन जब तुम इतने साल पीछे जाओगी, तब तुम्हारी उम्र क्या होगी? तुम कैसी दिखोगी? इस बारे में सोचा है?”

“नहीं।”

“तो सोचकर देखो।”

मैं सोचने लगी।

मैंने मन ही मन थोड़ा हिसाब लगाया।

और फिर मेरे सामने एक नंबर आकर रुक गया।

नौ।

मैं नौ साल की।

साल 2009 में पीछे जाने वाली एक लड़की।

वो फिर मेरी तरफ देखकर मुस्कुराया।

“ज़रा खुद को नौ साल की उम्र में याद करने की कोशिश करो। तब तुम कैसी थीं? क्या तुम अपने फैसले खुद ले सकती थीं? क्या तुम कोई भी काम अपने दम पर कर सकती थीं?”

मैंने धीरे से सिर हिला दिया।

“नहीं।”

वो कुछ पल चुप रहा।

फिर दोबारा पूछने लगा,

“तो वहाँ जाकर क्या करोगी? नामजून की ज़िंदगी में ऐसा क्या हुआ है, जिसकी वजह से तुम अठारह साल पीछे जाना चाहती हो?”

“वो बात मैं तुम्हें नहीं बताऊँगी।”

“मुझे पता है।”

वो हल्का-सा मुस्कुराया।

“हाँ, तुम्हें पता है ना। उसे अपने तक ही रखो।”

“मैं अपने तक ही रखूँगी।”

“अक्षता, ऐसी बातें सोचना बहुत आसान होता है। लेकिन सच में वहाँ जाकर खुद को संभालना और वहाँ रह पाना बहुत मुश्किल होगा।”

मैं चुपचाप उसकी बातें सुन रही थी।

“तुम अभी सत्ताईस साल की हो। तुम्हें अठारह साल पीछे जाना है। वहाँ तुम नौ साल की हो जाओगी।”

“और सबसे ज़रूरी बात—वो तुम्हारे देश का भी नहीं है।”

“तुम भारत में रहती हो।”

“वो कोरिया का है।”

“न तुम्हें उसकी भाषा आती है, न वहाँ की संस्कृति के बारे में कुछ पता है।”

“और वहाँ जाकर रहोगी कैसे?”

मैं कुछ पल चुप रही।

“वो सब मुझे नहीं पता। मुझे कुछ नहीं मालूम।”

फिर मैंने धीरे से कहा,

“लेकिन मैं जाऊँगी।”

“मैं वहाँ रह लूँगी।”

“जैसे भी होगा, देख लूँगी।”

वो फिर मुस्कुराया।

“तुम पागल हो।”

मैं उसकी तरफ देखती रही।

“तुम आज भी उसी के पीछे भाग रही हो।”

“तुम्हारी ज़िंदगी कितनी बदल चुकी है।”

“तुमने इतने सारे फैसले लिए हैं—कुछ सही थे, कुछ गलत।”

“और तुम्हारे हर फैसले के पीछे कहीं न कहीं नामजून ही था।”

“तुम चाहे जितना भी मना कर लो, ये बात मुझसे छिपा नहीं सकती।”

मैंने धीरे से कहा,

“हाँ। वो था।”

वो मुझे देखता रहा।

“और आज भी तुम उसी के पीछे भाग रही हो?”

मैं कुछ नहीं बोली।

“कितनी ही रातें उसके लिए जागती हो।”

“कितनी ही रातें रोती हो।”

“तुम्हें पता है ना कि वो तुम्हें कभी नहीं मिलेगा।”

“ये बात तुम्हें पहले दिन से पता है।”

“फिर भी तुम इसी ज़िद पर क्यों अड़ी हुई हो?”

“तुम्हारी ये ज़िद आज तक गई ही नहीं।”

मैं हल्का-सा मुस्कुराई।

“हाँ। मैं ज़िद्दी हूँ।”

“और अपनी ज़िद मैं पूरी नहीं करूँगी, तो कौन करेगा?”

“हाँ... मैं आज भी उसके लिए रोती हूँ।”

“रात-रात भर जागती हूँ।”

“ऐसी बहुत-सी चीज़ें करती हूँ, जो मुझे नहीं करनी चाहिए।”

“और मुझे ये बात पहले दिन से पता है कि वो कभी मेरा नहीं हो सकता। जिस दिन मैंने उसे पहली बार देखा था, उसी दिन से।”

“उसे देखते हुए आज दस साल पूरे हो रहे हैं।”

“कुछ ही दिनों में वो बत्तीस साल का हो जाएगा।”

“फिर भी मैं उसी के पीछे भाग रही हूँ।”

“क्योंकि मुझे उन चीज़ों के पीछे भागना पसंद है, जो शायद मुझे कभी नहीं मिलेंगी।”

“शायद किसी दिन कुछ ऐसा हो जाए कि मैं उसके सामने जाकर खड़ी हो सकूँ।”

“मैं खुद को ऐसा बनाऊँगी।”

“पता नहीं बना पाऊँगी या नहीं।”

“लेकिन बनाऊँगी।”

वो कुछ देर मुझे देखता रहा।

फिर धीरे से बोला,

“हाँ, तो फिर खुद को बनाओ ना।”

“अतीत में जाने के बारे में क्यों सोचती रहती हो?”

“वहाँ जाकर कुछ नहीं होने वाला।”

मैं उसकी तरफ देखकर बोली,

“हाँ। मैं खुद को बनाऊँगी।”

“फिर भी मैं अतीत में जाऊँगी।”

“और अगर वहाँ जाकर कुछ बदल पाई, तो ज़रूर बदलूँगी।”

वो चुप हो गया।

मैं भी कुछ देर चुप बैठी रही।

खिड़की के बाहर आसमान वैसा ही था।

रात भी वैसी ही थी।

लेकिन मेरे मन में कुछ बदल चुका था।

अब ये सिर्फ एक ख्याल नहीं था।

ये मेरी ज़िद बन चुकी थी।

एक सवाल बन चुका था।

एक ऐसी बात बन चुकी थी, जो सुनने में नामुमकिन लगती थी।

मेरी आँखों के सामने फिर वही नंबर आकर रुक गया—

नौ।

नौ साल की मैं।

2009।

अठारह साल पीछे।

और उन सारे सवालों के जवाब के पीछे—

नामजून।

मैंने खुद से आखिरी सवाल पूछा।

अगर मुझे सच में ऐसा मौका मिल जाए तो?

मेरे मन से बहुत शांति से एक जवाब आया—

“मैं जाऊँगी।”

और तभी मेरा ही दूसरा रूप एक बार फिर मेरे सामने आकर खड़ा हो गया।

वो कुछ पल मुझे देखता रहा।

फिर धीरे से पूछने लगा—

“क्या तुम सिर्फ इसलिए बार-बार अतीत में जाने के बारे में सोचती हो, क्योंकि तुम्हें अपने नाम के आगे उसका नाम लिखना है?”

मैंने उसकी तरफ देखा।

“नहीं।”

“तो फिर?”

मैं हल्का-सा मुस्कुराई।

“मैं तुम्हें क्यों बताऊँ?”

“मुझे पीछे जाना है। बस इतना ही जानती हूँ।”

वो कुछ देर मुझे देखता रहा।

फिर धीरे से बोला,

“तुम सच में पागल हो गई हो।”

मैंने उसकी तरफ देखकर शांति से कहा—

“नामजून के लिए?”

वो कुछ पल चुप रहा।

मैं हल्का-सा मुस्कुराई।

“हाँ। हो गई हूँ।”

और इसी बारे में सोचते-सोचते मुझे कब नींद आ गई, पता ही नहीं चला।

The dimple diary RM को बताएँ कि आपको यह चैप्टर कैसा लगा!

Olive 🫒
Olive 🫒

very nice so well written 👌✍️

१५ दिन
The dimple diary RM
The dimple diary RM

thank you so much 👍😊

१५ दिन

आगे की सिफारिशें

जुड़वा झुमके

Kiran: You have written very well about the suspense of daughters, but I could not understand the earrings. One earring belongs to one sister and the other earring belongs to the other sister and the earrings have not been changed for so many years, but maybe there is something special, but you write very ...

अभी पढ़ें

सबसे नए कलेक्शन

लोकप्रिय कलेक्शन